किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के सदस्य किसान रेशम सिंह, तरण तारन जिले के रहने वाले हैं और पिछले दिनों उन्होंने शंभू बॉर्डर पर किसानों द्वारा किया जा रहा प्रोटेस्ट ज्वाइन किया था.

शंभू बॉर्डर पर पिछले काफी दिनों से किसानों का आंदोलन जारी है. इस बीच किसानों से जुड़ी एक बड़ी खबर आ रही है. जानकारी के मुताबिक, किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के सदस्य रेशम सिंह ने शंभू मोर्चा पर आत्महत्या करने की कोशिश की है. हालत गंभीर होने के बाद राजपुरा सरकारी हॉस्पिटल में ले जाया जा रहा है. किसान रेशम सिंह, तरण तारन जिले के रहने वाले हैं और पिछले कई दिनों से शंभू बॉर्डर पर किसान आंदोलन में शामिल थे. आज सुबह उन्होंने सल्फास की गोलियां खा ली हैं, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
सुरक्षा बलों द्वारा दिल्ली की ओर मार्च रोके जाने के बाद पिछले साल 13 फरवरी से किसान पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू और खनौरी सीमा बिंदुओं पर डेरा डाले हुए हैं. किसानों ने इससे पहले 13 फरवरी और 21 फरवरी को दिल्ली की ओर मार्च करने का प्रयास किया था, लेकिन सीमा बिंदुओं पर तैनात सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया था. इसके बाद संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले 101 किसानों के जत्थे ने 6 और 8 दिसंबर को पैदल दिल्ली जाने की दो कोशिशें की थीं, लेकिन हरियाणा के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया. इस दौरान किसानों और सुरक्षाबलों के बीच टकराव जैसी स्थिति बनी, जिसके बाद किसानों को पीछे धकेलने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया गया. इस दौरान कई किसान घायल भी हुए.




Users Today : 7